Close Menu

    Subscribe to Updates

    Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

    What's Hot

    Agra Breaking: यूपी में महिलाओं की सुरक्षा के लिए नई पहल, QR स्कैन से दर्ज होगी शिकायत

    October 8, 2026

    Agra Breaking: आगरा में बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट और गुड टच-बैड टच की दी जानकारी

    October 8, 2026

    Agra Breaking: आगरा विधान परिषद चुनाव 2026: डीएम मनीष बंसल ने स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण

    October 8, 2026
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Friday, October 9
    Facebook X (Twitter) Instagram Pinterest YouTube
    Hindi Dainik SamacharHindi Dainik Samachar
    • होम
    • आगरा
    • उत्तर प्रदेश
    • अयोध्या
    • खेरागढ़
    • इंडिया
    • प्रयागराज
    • मनोरंजन
    • राजनीति
    Hindi Dainik SamacharHindi Dainik Samachar
    Home - Delhi - अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस (12 अगस्त 2026) पर विशेषः युवा शक्ति को मिले दिशा, सपनों को मिले उड़ान
    Delhi

    अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस (12 अगस्त 2026) पर विशेषः युवा शक्ति को मिले दिशा, सपनों को मिले उड़ान

    dainik@samacharBy dainik@samacharAugust 11, 202642 Views
    Facebook Twitter WhatsApp Copy Link
    अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस (12 अगस्त 2026) पर विशेषः युवा शक्ति को मिले दिशा, सपनों को मिले उड़ान
    Share
    Facebook Twitter WhatsApp Copy Link
    Post Views: 71

    अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस (12 अगस्त 2026) पर विशेषः

    युवा शक्ति को मिले दिशा, सपनों को मिले उड़ान

    -ः ललित गर्ग:-

    युवा केवल उम्र की एक अवस्था नहीं, बल्कि ऊर्जा, साहस, कल्पना, परिवर्तन और नवसृजन की चेतना का नाम है। जिस समाज की युवा शक्ति जाग्रत, संवेदनशील और रचनात्मक होती है, वह समाज परिवर्तन की नई इबारत लिखता है। इसके विपरीत जब युवा ऊर्जा दिशाहीन हो जाती है तो वही शक्ति हिंसा, नशे, उग्रवाद, अपराध, निराशा और विध्वंस का कारण बन सकती है।

    इसलिए आज दुनिया के सामने सबसे बड़ा प्रश्न यह नहीं है कि युवा क्या कर रहे हैं, बल्कि यह है कि उनकी विराट ऊर्जा को किस दिशा में लगाया जा रहा है। इसी चिंतन को वैश्विक स्तर पर महत्व देने के लिए संयुक्त राष्ट्र प्रतिवर्ष 12 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस मनाता है। वर्ष 2000 से इस दिवस का आयोजन शुरू हुआ।

    इस वर्ष का विषय है-‘विभिन्न परिस्थितियाँ, साझा आकांक्षाएँ।’ यह विषय आज की युवा पीढ़ी की वास्तविकता को बहुत गहराई से अभिव्यक्त करता है। दुनिया के युवाओं की परिस्थितियाँ भिन्न हैं। कहीं गरीबी और बेरोजगारी है, कहीं युद्ध और असुरक्षा, कहीं शिक्षा के अवसरों की कमी है, कहीं तकनीकी असमानता और पर्यावरण संकट है, लेकिन इन सबके बीच उनकी आकांक्षाएँ आश्चर्यजनक रूप से समान हैं। वे सम्मानजनक जीवन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सार्थक रोजगार, सुरक्षा, मानसिक सुख-शांति, निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी और बेहतर भविष्य चाहते हैं।

     

    अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस (12 अगस्त 2026) पर विशेषः युवा शक्ति को मिले दिशा, सपनों को मिले उड़ान
    दुनिया की सरकारों को यह समझना होगा कि युवा केवल चुनाव के समय याद आने वाला मतदाता नहीं है। वह राष्ट्र की नीति-निर्माण प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार है। जिस युवा के जीवन को प्रभावित करने वाले निर्णय लिये जाते हैं, उसकी आवाज उन निर्णयों में कितनी शामिल है, यह लोकतंत्र की गुणवत्ता का भी महत्वपूर्ण पैमाना है।

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का प्रस्ताव 2250 युवाओं को शांति निर्माण और हिंसा की रोकथाम में महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में स्वीकार करता है। यह स्वीकारोक्ति इस बात का प्रमाण है कि युवा समस्या नहीं, बल्कि समाधान की शक्ति हैं। आज आवश्यकता है कि हर देश में ऐसी प्रभावी व्यवस्था बने, जिसमें विद्यार्थी, उद्यमी, किसान, वैज्ञानिक, कलाकार, खिलाड़ी और सामाजिक कार्यकर्ता युवा सीधे नीति-निर्माताओं से संवाद कर सकें।

     

    FOR THE LATEST NEWS AND UPDATES SUBSCRIBE TO HINDI DAINIK SAMACHAR

     

    केवल युवाओं पर योजनाएँ बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के साथ योजनाएँ बनाना आवश्यक है। भारत की सबसे बड़ी शक्तियों में उसकी युवा आबादी भी है। भारत के युवाओं ने अनेक बार सिद्ध किया है कि उनमें केवल नौकरी पाने की आकांक्षा नहीं, बल्कि कुछ नया करने की बेचैनी भी है।

    विज्ञान, खेल, तकनीक, उद्यमिता, कला, साहित्य और सामाजिक सेवा से लेकर अनेक क्षेत्रों में भारतीय युवा अपनी प्रतिभा का परिचय दे रहे हैं। स्वामी विवेकानन्द ने भारत के पुनर्निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण माना था। उनका विश्वास था कि जाग्रत, चरित्रवान और संकल्पवान युवा राष्ट्र की दिशा बदल सकता है।

    अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस (12 अगस्त 2026) पर विशेषः युवा शक्ति को मिले दिशा, सपनों को मिले उड़ान

    डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने भी युवाओं के सपनों को भारत के भविष्य से जोड़ा। उनके चिंतन का मूल संदेश था कि बड़े सपने देखो, ज्ञान अर्जित करो और उन सपनों को कर्म में बदलो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भी भारत के विकास विमर्श में युवा शक्ति, नवाचार, कौशल, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को विशेष महत्व दिया जा रहा है। लेकिन अब अगला चरण इससे आगे जाने का है। युवा को योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास का सह-निर्माता बनाना होगा।

    युवा दिवस की सार्थकता तब होगी जब 12 अगस्त के बाद भी युवा के जीवन में कोई सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे। क्यों न इस वर्ष प्रत्येक शहर में युवा स्वप्न संवाद आयोजित हों, जिसमें युवा लिखें कि वे अपने देश को अगले दस वर्षों में कैसा देखना चाहते हैं। उन सपनों को केवल कागज पर न रखा जाए, बल्कि सरकार, उद्योग, शिक्षण संस्थान और सामाजिक संस्थाएँ मिलकर उनमें से व्यवहारिक योजनाओं को धरातल पर उतारें।

    अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस (12 अगस्त 2026) पर विशेषः युवा शक्ति को मिले दिशा, सपनों को मिले उड़ान

    प्रत्येक युवा कोई एक उपयोगी कौशल सीखे और समाज के लिए कोई एक जिम्मेदारी स्वीकार करे। प्रत्येक जिले में ऐसे युवा नवाचार केंद्र स्थापित हों, जहाँ स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए युवा अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का उपयोग कर सकें। आज युवा शक्ति के सामने सबसे गंभीर चुनौतियों में नशा, डिजिटल लत, हिंसक प्रवृत्तियाँ, मानसिक तनाव, बेरोजगारी और उद्देश्यहीनता हैं। नशे का फैलता जाल केवल व्यक्ति को नहीं, परिवार और राष्ट्र की उत्पादक शक्ति को भी कमजोर करता है।

    युवाओं को केवल यह कहना पर्याप्त नहीं कि नशा मत करो, बल्कि उन्हें जीवन का ऐसा उद्देश्य देना होगा कि नशे की आवश्यकता ही महसूस न हो। खेल, योग, ध्यान, कला, साहित्य, सेवा, उद्यमिता और सामाजिक गतिविधियों से युवाओं को जोड़ना होगा। खाली समय को रचनात्मक समय में बदलना नशामुक्ति की सबसे प्रभावी सामाजिक रणनीति हो सकती है।

     

    अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस (12 अगस्त 2026) पर विशेषः युवा शक्ति को मिले दिशा, सपनों को मिले उड़ान
    आज की युवा पीढ़ी और पुरानी पीढ़ी के बीच संवाद की कमी भी एक चुनौती है। बुजुर्ग अनुभव के प्रतीक हैं और युवा ऊर्जा के। अनुभव यदि ऊर्जा से नहीं जुड़ेगा तो वह जड़ हो सकता है और ऊर्जा यदि अनुभव से नहीं जुड़ेगी तो दिशाहीन हो सकती है। इसलिए आवश्यकता है अंतरपीढ़ी संवाद की। परिवारों, संस्थाओं और सरकारों को ऐसा वातावरण बनाना होगा जिसमें युवा नई सोच प्रस्तुत करें और वरिष्ठ पीढ़ी अपने अनुभव से उनका मार्गदर्शन करे। अनुभव और ऊर्जा का यह समन्वय राष्ट्र निर्माण की बड़ी शक्ति बन सकता है।

    आज दुनिया के अनेक हिस्सों में युवा आंदोलन हो रहे हैं। युवाओं की आवाज सत्ता और व्यवस्था तक पहुँच रही है। भारत में भी समय-समय पर युवाओं ने अपनी आकांक्षाओं और असंतोष को आंदोलन का रूप दिया है। लेकिन युवा आंदोलन की सबसे बड़ी सफलता तब होगी जब वह केवल विरोध की आवाज न रहकर विकल्प की आवाज बने।

    युवा कहे कि हमें केवल शिकायत नहीं करनी, समाधान भी देना है। हमें केवल रोजगार नहीं चाहिए, रोजगार सृजित करने की क्षमता भी चाहिए। हमें केवल अधिकार नहीं चाहिए, हम जिम्मेदारियाँ भी निभाएँगे। हम केवल सत्ता बदलने नहीं, व्यवस्था को बेहतर बनाने आए हैं। यही युवा आंदोलन की नई परिभाषा हो सकती है।

    यौवन अपने आप में उपलब्धि नहीं है। युवकत्व चेतना की अवस्था है। चेहरे पर जवानी हो और विचारों में जड़ता हो तो यौवन अधूरा है। ऊर्जा हो लेकिन दिशा न हो तो वही ऊर्जा संकट बन सकती है। इसलिए आज की युवा पीढ़ी को दो चीजों की सबसे अधिक आवश्यकता है-जोश और होश। जोश उसे ऊँचा उड़ाए और होश उसे सही दिशा दे। जोश उसे सपने दिखाए और विवेक उन सपनों को यथार्थ में बदले। जोश उसे संघर्ष करना सिखाए और करुणा उसे मनुष्य से जोड़े।

    स्वामी विवेकानन्द की प्रेरणा, सुकरात की प्रश्नाकुलता, महात्मा गांधी की करुणा और डॉ. कलाम के सपनों का समन्वय आज के युवा के व्यक्तित्व में होना चाहिए। दुनिया के युवाओं से यह कहना आसान है कि बड़े सपने देखो, लेकिन केवल सपने देखने के लिए कहना पर्याप्त नहीं है। सपनों को आकार देने के लिए अवसरों की संरचना भी करनी होगी।

    अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस 2026 का विषय हमें एक महत्वपूर्ण सत्य बताता है कि हमारी परिस्थितियाँ अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारी आकांक्षाएँ साझा हैं। भारत का युवा अवसर चाहता है, अफ्रीका का युवा शिक्षा और रोजगार चाहता है, युद्धग्रस्त क्षेत्र का युवा शांति चाहता है, द्वीपीय देशों का युवा सुरक्षित पर्यावरण चाहता है और तकनीकी दुनिया का युवा समान अवसर चाहता है।

    अर्थात दुनिया के युवा अलग-अलग भाषाएँ बोलते हैं, अलग संस्कृतियों में रहते हैं, लेकिन उनके सपनों की भाषा बहुत कुछ समान है। इसलिए आज दुनिया को युवा शक्ति को नियंत्रित करने से अधिक उस पर विश्वास करने की जरूरत है। आइए इस अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर हम केवल युवाओं को बधाई न दें, बल्कि उन्हें अवसर दें-अपनी बात कहने का, अपनी प्रतिभा दिखाने का, निर्णय लेने का और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का।

    सरकारें युवाओं की सुनें, परिवार उनके सपनों को समझें, शिक्षण संस्थान उनकी प्रतिभा को पहचानें, समाज उनके प्रयोगों को अवसर दे और युवा स्वयं अपने भीतर के सामर्थ्य को पहचानें। क्योंकि राष्ट्र का भविष्य केवल संसदों, सरकारी कार्यालयों या योजनाओं की फाइलों में नहीं लिखा जाता, वह युवाओं की आँखों में पल रहे सपनों में लिखा जाता है।
    प्रेषकः

     

    (ललित गर्ग)
    लेखक, पत्रकार, स्तंभकारा
    ई-253, सरस्वती कुंज अपार्टमेंट
    25 आई. पी. एक्सटेंशन, पटपड़गंज
    दिल्ली-110092, मो. 9811051133

     

    CHECK ALSO:

    Kheragarh Breaking: खेरागढ़ के स्कूल में स्काउट एंड गाइड जांच शिविर, बच्चों ने सीखे प्राथमिक उपचार और टेंट पिचिंग के गुर

    AI FutureReady Conclave 2026: एआई को चंद हाथों तक सीमित नहीं, गांवों और टियर-2 व टियर-3 शहरों तक पहुंचाना होगा : जितिन प्रसाद

    Agra Breaking: खरीफ फसल बीमा की अंतिम तिथि घोषित, 14 व 31 अगस्त तक कराएं बीमा

    Agra Breaking: आगरा में अवैध खनन पर DM मनीष बंसल सख्त, बिना HSRP वाले वाहन होंगे सीज, FIR के निर्देश

    BREAKING NEWS, LATEST AGRA NEWS, HINDI DAINIK SAMACHAR

      अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस युवा शक्ति
      Share. Facebook Twitter WhatsApp Copy Link
      dainik@samachar
      • Website

      Related Posts

      Best 5G Smartphones Under 15000: Flipkart और Amazon Sale में Top Phones

      October 8, 2026

      Best 5G Smartphones Under ₹10000: Flipkart और Amazon Sale में टॉप फोन

      October 8, 2026

      GST Council Meeting 2026: ITC, Refund और Arrest Rules पर बड़े फैसले

      October 8, 2026
      Top Posts

      Agra Breaking: नई दिल्ली में गूंजी आगरा की संस्कृति, अजय कुमार शर्मा ने नौटंकी और लट्ठमार होली से मोहा मन

      August 26, 2026447

      Agra Breaking: डीएम मनीष बंसल की डीटीएफ बैठक, स्कूल चलो अभियान तेज करने के निर्देश, बीईओ करेंगे रोज निरीक्षण

      April 24, 2026319

      Agra Breaking: आगरा में निपुण आकलन की तैयारी, विजय प्रताप सिंह ने दिए जरूरी निर्देश

      September 16, 202615

      जनगणना 2027: आगरा में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

      October 1, 202611
      Don't Miss
      आगरा

      Agra Breaking: यूपी में महिलाओं की सुरक्षा के लिए नई पहल, QR स्कैन से दर्ज होगी शिकायत

      By Saleem SherwaniOctober 8, 20269

      यूपी में महिलाओं की सुरक्षा के लिए नई पहल, QR कोड स्कैन करते ही दर्ज…

      Agra Breaking: आगरा में बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट और गुड टच-बैड टच की दी जानकारी

      October 8, 2026

      Agra Breaking: आगरा विधान परिषद चुनाव 2026: डीएम मनीष बंसल ने स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण

      October 8, 2026

      Agra Breaking: आगरा खंड विधान परिषद चुनाव 2026: मतदान 23 अक्टूबर, मतगणना 27 को

      October 8, 2026
      Stay In Touch
      • Facebook
      • Twitter
      • Instagram
      • YouTube
      • Pinterest

      Address: Kheragarh, Agra, Uttar Pradesh
      283121
      Mobile: 9410423832
      Email: dainiksamachar4@gmail.com

      Facebook X (Twitter) Instagram Pinterest YouTube
      Avatar
      Saleem Sherwani
      Chief Editor
      Disclaimer

      हिंदी "दैनिक समाचार" सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क चैनल है जो यू ट्यूब से भी संचालित होता है। हिंदी "दैनिक समाचार" आपको रोज़ाना खबरें, मनोरंजन, शिक्षा, फोटो , चित्र, पर्यावरण, राजनीति, लेख व देश विदेश की ख़बरों से रुबरु कराता है। किसी भी तरह की प्रकाशित सामग्री की हिन्दी "दैनिक समाचार" पुष्टि नहीं करता है। हिंदी "दैनिक समाचार" में प्रकाशित सामग्री व अन्य की स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई भी जिम्मेदारी नहीं होगी।

      © 2026 Hindi Dainik Samachar. Designed by Nimble Technology.
      • Privacy Policy
      • About Us
      • Contact Us
      • Disclaimer
      • Terms and Conditions

      Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.